विद्यार्थियों को दी व्यावहारिक ज्ञान, स्वरोजगार योजनाओं की दी जानकारी

पौड़ी। युवाओं को स्वरोजगार एवं उद्यमिता के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से मंगलवार को बीजीआर परिसर पौड़ी में उद्यमिता प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में जिला उद्योग केंद्र कोटद्वार द्वारा आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को व्यवसाय शुरू करने की प्रक्रिया, उद्यम पंजीकरण और सरकारी सहायता योजनाओं की जानकारी दी गई। प्रशिक्षकों ने बेहतर व्यवसायिक योजना, बाजार की आवश्यकता, ऋण सुविधा, अनुदान एवं वित्तीय सहायता के बारे में बताया। युवाओं को स्थानीय उत्पाद, कृषि, पर्यटन, हस्तशिल्प एवं सेवा क्षेत्र में उद्यम शुरू करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने स्वरोजगार से जुड़े सवाल पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने समाधान किया।
