खनिज ब्लॉकों की नीलामी प्रक्रिया की जिलाधिकारी ने की समीक्षा

चमोली। जिला सभागार गोपेश्वर में मंगलवार को जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण खनिज ब्लॉकों की नीलामी प्रक्रिया को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित हुई। जिलाधिकारी ने बताया कि खान मंत्रालय भारत सरकार ने चमोली के ’’कर्णप्रयाग एवं पोखरी क्षेत्रों’’ को नीलामी के लिए चिन्हित किया है। भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के अन्वेषण में इन क्षेत्रों में ’’तांबा, सीसा और जस्ता’’ के भंडार पाए गए हैं। जिलाधिकारी ने प्रस्तावित खनिज क्षेत्रों के स्थलीय निरीक्षण के लिए राजस्व, वन, सिंचाई, भूतत्व एवं खनिकर्म तथा आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों की संयुक्त समिति गठित की। उन्होंने समिति को जल्द स्थलीय निरीक्षण कर आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि नीलामी की अग्रिम कार्रवाई समयबद्ध पूरी की जा सके।
