कैबिनेट मंत्री ने हरी झंडी दिखाकर संस्कृत शोभायात्रा को किया रवाना

श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड संस्कृत संस्थान की ओर से संस्कृत सप्ताह के शुभारंभ अवसर पर श्रीनगर में भव्य संस्कृत शोभायात्रा आयोजित की गई। कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने राजकीय बालिका इंटर कॉलेज से शोभायात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए संस्कृत भाषा, भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं पर आधारित आकर्षक झांकियां प्रस्तुत कीं। शोभायात्रा नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए सराफा धर्मशाला पहुंची।
इस अवसर पर डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि संस्कृत केवल भाषा नहीं, बल्कि भारत की समृद्ध ज्ञान, दर्शन, साहित्य और संस्कार परंपरा की अमूल्य धरोहर है। युवा पीढ़ी को संस्कृत से जोड़ने के लिए ऐसे आयोजन महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार संस्कृत के संरक्षण, संवर्धन एवं प्रचार-प्रसार के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। संस्कृत संस्थान के सचिव प्रो. विनय कुमार विद्यालंकार ने भी संस्कृत को जन-जन तक पहुंचाने में समाज की सहभागिता को आवश्यक बताया।

संस्कृत सप्ताह का भव्य शुभारंभ
रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड की द्वितीय राजभाषा संस्कृत के प्रचार-प्रसार एवं संवर्धन के उद्देश्य से उत्तराखंड संस्कृत संस्थान के तत्वावधान में मंगलवार को आदर्श संस्कृत ग्राम बेंजी में संस्कृत सप्ताह का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत संस्कृत शोभायात्रा से हुई, जिसमें ग्रामीणों और छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। संस्कृत के उद्घोषों से पूरा गांव संस्कृतमय हो उठा।
