भाजपा ने एसआईआर प्रक्रिया में बाधा डालने के आरोप पर कांग्रेस को घेरा

देहरादून। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया में कथित बाधा डालने के कांग्रेस के प्रयासों के विरोध में भाजपा महानगर देहरादून ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। महानगर अध्यक्ष ’’सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल’’ के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने धरना देकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा और एसआईआर प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं निर्बाध रूप से संपन्न कराने की मांग की।
सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस एसआईआर को लेकर भ्रम फैलाकर सरकारी कार्य में व्यवधान उत्पन्न करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था की बुनियाद है और इसकी शुचिता से समझौता नहीं किया जा सकता। यदि किसी मतदाता को आपत्ति है तो निर्वाचन आयोग ने उसके निराकरण के लिए संवैधानिक प्रक्रिया निर्धारित की है। उन्होंने प्रशासन से प्रक्रिया में जानबूझकर बाधा डालने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन में भाजपा पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
