त्योहारी सीजन में खाद्य सुरक्षा विभाग सतर्क, नमूने लेकर जांच के लिए भेजे

पौड़ी। आगामी रक्षाबंधन एवं श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व को देखते हुए पौड़ी जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग ने विशेष जांच एवं प्रवर्तन अभियान शुरू किया है। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में पौड़ी मुख्य बाजार तथा यमकेश्वर के लक्ष्मणझूला-गीताभवन क्षेत्र में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। टीमों ने मिठाई, नमकीन, दूध एवं दुग्ध उत्पाद, बिस्किट, सेवई सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के 20 विधिक एवं सर्विलांस नमूने जांच के लिए लिए। निरीक्षण के दौरान बिना लेबल वाले बेकरी उत्पाद एवं एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री नियमानुसार नष्ट कराई गई। कारोबारियों को स्वच्छता, लेबलिंग और सुरक्षित भंडारण के मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए।

टीम ने खाद्य सामग्री के 10 नमूने लिए
चंबा। जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल के निर्देश पर जिला पूर्ति, पुलिस एवं खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने मिठाई की दुकानों, डेयरी, रेस्टोरेंट सहित विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। टीम ने मिठाई के चार, अनाज उत्पाद के तीन, दही का एक और अन्य खाद्य पदार्थों के दो सहित कुल 10 नमूने जांच के लिए लिए। नमूनों को अधिकृत प्रयोगशाला भेजा गया है।

टीम ने पांच दुकानों से लिए सैंपल
चमोली। खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन तथा तहसील प्रशासन की संयुक्त टीम ने गोपेश्वर, चमोली और पीपलकोटी बाजार में खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। टीम ने खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, पैकेजिंग, एक्सपायरी डेट और भंडारण व्यवस्था की जांच करते हुए पांच दुकानों से खाद्य पदार्थों के नमूने लिए, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया। वहीं तीन दुकानों में मिली एक्सपायरी सामग्री मौके पर ही नष्ट कराई गई और दुकानदारों को नोटिस जारी किए गए।

छह खाद्य नमूने जांच के लिए भेजे
रुद्रप्रयाग। जिला प्रशासन, पूर्ति, खाद्य सुरक्षा एवं पुलिस विभाग की टीम ने रेस्टोरेंट, मिष्ठान भंडार, किराना एवं फल-सब्जी दुकानों का निरीक्षण किया। खाद्य सुरक्षा मानकों के तहत 12 प्रतिष्ठानों से बर्फी, बोर्नवीटा बर्फी, मिल्क केक, बेसन लड्डू, बूंदी लड्डू और गुलाब जामुन के छह नमूने जांच के लिए लिए गए। वहीं एक्सपायरी कुरकुरे, पास्ता, सोडा एवं ओट्स मौके पर नष्ट कराए गए।

9 खाद्य पदार्थों के लिए नमूने
उत्तरकाशी। खाद्य सुरक्षा विभाग ने जनपद मुख्यालय में सघन चेकिंग अभियान चलाया। पिछले 48 घंटों में भटवारी मार्ग, मुख्य बाजार, बस अड्डा, माल रोड, भैरव चौक सहित विभिन्न क्षेत्रों में 24 मिष्ठान एवं किराना प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर 9 संदिग्ध खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। इनमें मिठाई, खाद्य तेल, हल्दी, पनीर और देशी घी शामिल हैं। सभी नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
