स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाए गए स्टॉलों से करें उत्पादों की खरीददारी: मुख्यमंत्री

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सचिवालय में ‘मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना’ के अंतर्गत उत्तराखण्ड राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का शुभारंभ एवं अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार राखियों और विभिन्न स्थानीय उत्पादों की जानकारी ली। उन्होंने प्रदेश के सभी जनपदों से वर्चुअल माध्यम से जुड़ी स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं से संवाद भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले वर्ष से रक्षाबंधन के 15 दिन पूर्व ही ‘मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव’ शुरू किया जाएगा और इसे पखवाड़े के रूप में आयोजित किया जाएगा। इससे स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को अपने उत्पादों की बिक्री के लिए अधिक समय और बेहतर बाजार उपलब्ध होगा तथा उनकी आय बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।
विभिन्न जनपदों से वर्चुअल माध्यम से जुड़ी महिलाओं ने ‘मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना’ के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। महिलाओं ने कहा कि राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं और स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के प्रयासों से उन्हें आजीविका के नए अवसर मिल रहे हैं और वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं। उनके द्वारा तैयार स्थानीय उत्पादों को भी व्यापक बाजार और नई पहचान मिल रही है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को रक्षाबंधन की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए सचिवालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से इन स्टॉलों से खरीदारी कर महिला स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यही ‘वोकल फॉर लोकल’ की वास्तविक भावना है। स्थानीय उत्पादों को अपनाकर हम अपनी मातृशक्ति के परिश्रम और हुनर को सम्मान देने के साथ ही राज्य की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूत कर सकते हैं। इस अवसर पर प्रमुख सचिव आर.के.सुधांशु, सचिव धीराज गर्ब्याल, अपर सचिव झरना कमठान, अनुराधा पाल, मुख्य विकास अधिकारी देहरादून अभिनव शाह एवं वर्चुअल माध्यम से सभी जनपदों के मुख्य विकास अधिकारी उपस्थित थे।

स्थानीय उत्पादों को बाजार से जोड़ने पर दिया जोर
टिहरी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना के तहत वर्चुअल माध्यम से स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं से संवाद किया। उन्होंने स्थानीय उत्पादों की बिक्री, व्यवसाय और चुनौतियों की जानकारी ली। चंबा के नागराजा स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की सफलता की सराहना की। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों को पर्यटन और बाजार से जोड़कर महिलाओं की आय एवं आजीविका मजबूत करने पर जोर दिया।
महिलाओं को मिल रहा स्वरोजगार का मंच
गोपेश्वर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना के तहत कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं से संवाद किया। उन्होंने महिलाओं से स्थानीय उत्पादों, स्वरोजगार और आजीविका गतिविधियों की जानकारी लेते हुए उनके प्रयासों की सराहना की। नीरजा पंवार ने बताया कि उनके सिलाई सेंटर से 15 से 20 महिलाओं को प्रशिक्षण देकर स्वरोजगार से जोड़ा गया है तथा राखी, पिरूल उत्पाद सहित अन्य सामग्री तैयार कराई जा रही है। वहीं नंदी राणा ने स्थानीय बाजार में समूह के हस्तनिर्मित उत्पादों की बिक्री की जानकारी दी।

महिलाओं से मुख्यमंत्री ने किया ऑनलाइन संवाद
रुद्रप्रयाग। मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना के तहत आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रुद्रप्रयाग के जवाड़ी गांव स्थित हिमात्री स्वयं सहायता समूह की सदस्य गुड्डी देवी से ऑनलाइन संवाद किया। मुख्यमंत्री ने समूह द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पादों और महिलाओं के स्वरोजगार प्रयासों की जानकारी लेते हुए उनके कार्यों की सराहना की। गुड्डी देवी ने बताया कि रक्षाबंधन को देखते हुए समूह की महिलाएं आकर्षक राखियां तैयार कर स्थानीय बाजार में बेच रही हैं, जिससे उन्हें आय अर्जित करने के साथ घर के आसपास ही रोजगार मिल रहा है।

स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं से किया संवाद
उत्तरकाशी। विकास भवन सभागार में मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना के तहत वर्चुअल कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशभर की स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं से संवाद कर उनके स्वरोजगार एवं आजीविका कार्यों की जानकारी ली। धराली की स्वयं सहायता समूह की सदस्य सुनीता पंवार ने समूह की गतिविधियों एवं महिलाओं को आजीविका से जोड़ने के प्रयासों की जानकारी साझा की।
