नशामुक्ति को लेकर ग्रामीणों ने लिया सामूहिक संकल्प

उत्तरकाशी। नशामुक्त एवं सुरक्षित समाज के निर्माण को लेकर उत्तरकाशी पुलिस की पहल पर ग्राम बौन में ग्राम प्रधान विनोद पड़ियार की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। कोतवाली पुलिस की मौजूदगी में ग्रामीणों ने गांव और आसपास के होटल-ढाबों में अवैध शराब की बिक्री व सेवन तथा अन्य नशीले पदार्थों पर पूर्ण प्रतिबंध का सामूहिक संकल्प लिया। उपनिरीक्षक जगत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए ग्रामीणों से अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस का सहयोग करने की अपील की। बैठक में साइबर अपराध से बचाव के प्रति भी जागरूक किया गया। पुलिस ने गोपनीय बैंकिंग जानकारी साझा न करने तथा साइबर ठगी की शिकायत 1930 और नशे संबंधी सूचना 1933 पर देने की जानकारी दी।
