मंदिरों में चंदा-चढ़ावा चोरी के विरोध में युवा कांग्रेस ने किया बुद्धि शुद्धि यज्ञ

हरिद्वार। राम मंदिर सहित अन्य मंदिरों में चंदा एवं चढ़ावा चोरी के मामलों के विरोध में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रेमनगर घाट पर बुद्धि शुद्धि यज्ञ किया। पूर्व जिलाध्यक्ष कैश खुराना ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार चोरी के मामलों में आरोपियों को बचा रही है और इस पर पार्टी की चुप्पी कई सवाल खड़े करती है। उन्होंने कहा कि राम मंदिर के नाम पर सत्ता में आने वाली भाजपा के शासन में मंदिरों में चोरी होना दुर्भाग्यपूर्ण है। पार्षद विवेक भूषण विक्की और सोहित सेठी ने कहा कि मंदिरों की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसी घटनाओं से सनातन की छवि प्रभावित हो रही है। इस अवसर पर रामबाबू बंसल, दीपक पांडे, आशु श्रीवास्तव, आचार्य पंडित भैरव सहित कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
