स्वरोजगार योजनाओं में तेजी लाने के लिए बैंकों को दिए निर्देश


चमोली। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी की अध्यक्षता में बुधवार को जिला सभागार में जिला स्तरीय पुनरीक्षण समिति (डीएलआरसी) की बैठक हुई। बैठक में वार्षिक ऋण-जमा उपलब्धि, सीडी रेशियो तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न स्वरोजगार एवं ऋण योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
सीडीओ ने बैंकों को निर्देश दिए कि स्वरोजगार योजनाओं के ऋण आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण किया जाए। किसी आवेदन को अस्वीकृत करने पर स्पष्ट कारण दर्ज किया जाए, ताकि विभागीय स्तर पर आवश्यक कार्रवाई की जा सके। उन्होंने 40 प्रतिशत से कम ऋण-जमा अनुपात वाले बैंकों को सीडी रेशियो में सुधार के निर्देश दिए। दूरस्थ क्षेत्रों के आवेदकों को बैंक के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए विभागों और बैंकों में बेहतर समन्वय बनाने को कहा। बैठक में बताया गया कि मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के 650 के लक्ष्य के सापेक्ष 629 आवेदन बैंकों को भेजे गए, जिनमें 254 पर ऋण वितरित हो चुका है। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन में 1,509 में से 1,103 आवेदनों पर ऋण वितरण किया गया। पर्यटन स्वरोजगार योजना के वाहन मद में 6 में से 3 तथा गैर-वाहन मद में 19 में से 5 आवेदन स्वीकृत हुए। होम स्टे योजना में 42 में से 9 आवेदनों पर ऋण वितरित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!