आरक्षित वन भूमि के गैर-वानिकी उपयोग पर होगी कार्रवाई, विशेष जांच दल गठित

चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। सर्वाेच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में चमोली जिले में राजस्व विभाग के कब्जे में रही आरक्षित वन भूमि के गैर-वानिकी उपयोग से जुड़े मामलों की जांच के लिए जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में विशेष जांच दल गठित किया गया है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को ऐसे सभी प्रकरणों की गहन जांच कर समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।
समिति में अपर जिलाधिकारी को सदस्य सचिव तथा सभी तहसीलों के उप जिलाधिकारियों और संबंधित वन प्रभागों के प्रभागीय वनाधिकारियों को सदस्य बनाया गया है। जांच दल भूमि के अभिलेख, आवंटन की स्थिति, वर्तमान कब्जे और उपयोग का विस्तृत परीक्षण करेगा। गैर-वानिकी उपयोग पाए जाने पर सर्वाेच्च न्यायालय एवं शासन के निर्देशों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। निजी कब्जा मिलने पर भूमि वापस लेकर वन विभाग को हस्तांतरित करने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। जिलाधिकारी ने जांच को निष्पक्ष एवं पारदर्शी रखते हुए प्रत्येक सप्ताह प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आरक्षित वन भूमि का संरक्षण प्रशासन की प्राथमिकता है।
