प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और मंत्री धन सिंह रावत की मौजूदगी में ली सदस्यता

देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। प्रदीप कुमार।

पौड़ी गढ़वाल की श्रीनगर विधानसभा सीट पर 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सियासी समीकरण तेजी से बदलते नजर आ रहे हैं। श्रीनगर नगर निगम की महापौर आरती भंडारी और उनके पति एवं समाजसेवी लखपत सिंह भंडारी के नेतृत्व में नगर निगम के 10 पार्षदों ने भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया। देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत की मौजूदगी में सभी ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने के बाद महापौर आरती भंडारी ने कहा कि पार्टी में शामिल होना उनके लिए केवल राजनीतिक निर्णय नहीं, बल्कि विकास और जनसेवा के संकल्प को और मजबूती देने का अवसर है। उन्होंने कहा कि भाजपा की विचारधारा उनके लिए नई नहीं है और वह पहले भी भाजपा परिवार का हिस्सा रही हैं। उन्होंने कहा, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के सहयोग से श्रीनगर नगर निगम के विकास कार्यों को लगातार गति मिली है। आज अपने साथियों के साथ भाजपा परिवार में शामिल होकर मुझे बेहद खुशी और गर्व महसूस हो रहा है। हमारा उद्देश्य श्रीनगर के विकास और जनता की सेवा करना है। आने वाले समय में सरकार और संगठन के सहयोग से श्रीनगर को और बेहतर एवं विकसित नगर बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे।
समाजसेवी लखपत सिंह भंडारी ने कहा कि भाजपा में शामिल होने का उद्देश्य क्षेत्र के विकास और जनसेवा को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि भाजपा की राष्ट्रवादी विचारधारा, विकास की सोच और जनसेवा के संकल्प से वे लंबे समय से जुड़े रहे हैं।
उन्होंने कहा कि श्रीनगर और पूरे गढ़वाल क्षेत्र के विकास के लिए संगठन और सरकार के साथ मिलकर पूरी निष्ठा से काम किया जाएगा। साथ ही युवाओं के लिए अवसर, महिलाओं की सुरक्षा, सामाजिक सरोकार और सनातन संस्कृति के संरक्षण से जुड़े विषयों पर भी सक्रियता से कार्य करने की बात कही।

जनता का विश्वास भाजपा के साथ: महेंद्र भट्ट

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने पार्टी में शामिल हुए मेयर, पार्षदों और अन्य साथियों का स्वागत करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों एवं विकास कार्यों से प्रभावित होकर लगातार बड़ी संख्या में लोग भाजपा से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुंच रहा है। उन्होंने दावा किया कि इसका प्रभाव राजनीतिक स्तर पर भी दिखाई दे रहा है और आने वाले दिनों में भाजपा का परिवार और मजबूत होगा।


धन सिंह रावत के विधानसभा क्षेत्र में बढ़ी भाजपा की ताकत

कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के विधानसभा क्षेत्र श्रीनगर में मेयर समेत 10 पार्षदों का भाजपा में शामिल होना आगामी विधानसभा चुनाव की दृष्टि से भी अहम माना जा रहा है। श्रीनगर विधानसभा सीट पर डॉ. धन सिंह रावत और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के बीच राजनीतिक मुकाबला लंबे समय से प्रदेश की राजनीति में चर्चा का केंद्र रहा है।

भाजपा का टिकट नहीं मिलने पर निर्दलीय लड़ी थीं आरती भंडारी

गौरतलब है कि 2025 के उत्तराखंड नगर निगम चुनाव में आरती भंडारी को भाजपा की ओर से मेयर पद का टिकट नहीं मिला था। इसके बाद उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव मैदान में उतरकर जीत दर्ज की और श्रीनगर नगर निगम की महापौर बनीं। आरती भंडारी इससे पहले जिला पंचायत सदस्य और खिर्सू की ब्लॉक प्रमुख की जिम्मेदारी भी संभाल चुकी हैं। वहीं, उनके पति एवं समाजसेवी लखपत सिंह भंडारी भी पूर्व में जिला पंचायत सदस्य रह चुके हैं।

ये हुए भाजपा में शामिल

भाजपा में शामिल होने वाले पार्षदों में विजय चमोली सोनू, मीना भारती, भावना चौहान, अंजनी भंडारी, आशीष नेगी, अनुराग चौहान, राजकुमार, नरेंद्र सिंह रावत, धर्म सिंह रावत और प्रवेश चमोली शामिल हैं। इनमें अनुराग चौहान और राजकुमार कांग्रेस से जुड़े पार्षद हैं, जबकि अन्य पार्षद निर्दलीय के रूप में निर्वाचित हुए थे। मेयर और 10 पार्षदों के एक साथ भाजपा में शामिल होने को श्रीनगर की स्थानीय राजनीति में महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!