किताबों से खुलेगी छात्र-छात्राओं की कामयाबी की राह

लंबगांव। विकासखंड जाखणीधार के राइका कफलोग में मंगलवार को प्रतापनगर के पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्रदीप रमोला ने विद्यालय के पुस्तकालय के लिए आलमारियां एवं विभिन्न विषयों की ज्ञानवर्धक पुस्तकें भेंट कीं।
पूर्व प्रमुख रमोला ने कहा कि समृद्ध पुस्तकालय विद्यार्थियों में अध्ययन की रुचि विकसित करने के साथ उनके ज्ञान एवं व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए शहरों का रुख न करना पड़े, इसके लिए विद्यालयों के पुस्तकालयों को उपयोगी पुस्तकों से समृद्ध किया जा रहा है। प्रधानाचार्य अनिल कुमार ने सहयोग के लिए आभार जताया।
