राजकीय ब्रॉयलर हैचरी से किसानों को मिल रहे गुणवत्तापूर्ण चूजे, बढ़ रही आय

टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्यमंत्री कृषि विकास योजना के तहत स्थापित राजकीय कुक्कुट प्रक्षेत्र छाम किसानों एवं कुक्कुट पालकों को गुणवत्तापूर्ण ब्रॉयलर चूजे उपलब्ध कराकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती दे रहा है। हैचरी में प्रत सप्ताह करीब 3,500 से 4,000 चूजों का उत्पादन किया जा रहा है। स्थापना के बाद अब तक लगभग 95 हजार चूजे राज्य के विभिन्न जनपदों में वितरित किए जा चुके हैं। किसानों को ये चूजे बाजार मूल्य से दो रुपये कम दर पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. डीके शर्मा ने बताया कि 301.97 लाख रुपये की लागत से स्थापित यह प्रदेश की पहली राजकीय ब्रॉयलर हैचरी है। यहां करीब 1,200 वेंकॉब-430 पैरेंट ब्रीडर पक्षियों का वैज्ञानिक पालन किया जा रहा है। आधुनिक मशीनों से उच्च गुणवत्ता वाले डे-ओल्ड चूजों का उत्पादन होता है। चूजों का वितरण टिहरी, देहरादून, पौड़ी और उत्तरकाशी समेत विभिन्न जिलों में किया जा रहा है। जैव सुरक्षा, टीकाकरण और वैज्ञानिक प्रबंधन से स्वस्थ चूजों का उत्पादन सुनिश्चित किया जा रहा है। इससे किसानों को कम लागत में बेहतर चूजे मिलने के साथ कुक्कुट पालन से आय और स्वरोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं।
