हर नागरिक राष्ट्रध्वज के सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ अभियान में करे सहभागिता: मुख्यमंत्री
सुमित तिवारी / उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो,
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज अपने शासकीय आवास, मुख्यमंत्री आवास में तिरंगा लगाकर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे राष्ट्रध्वज के सम्मान और देशभक्ति की भावना के साथ अपने-अपने घरों, प्रतिष्ठानों और सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा फहराकर इस जनभागीदारी अभियान को सफल बनाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति समर्पण, एकता और गौरव की भावना का उत्सव है। तिरंगा देश की अस्मिता, स्वाभिमान, त्याग और बलिदान का प्रतीक है तथा प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह राष्ट्रध्वज के सम्मान को सर्वाेच्च प्राथमिकता दे। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे अपने घरों पर तिरंगा अवश्य लगाएं, राष्ट्रध्वज संहिता का पालन करें तथा अपने परिवार, बच्चों और युवाओं को भी तिरंगे के सम्मान और राष्ट्रप्रेम के संस्कारों से जोड़ें। उन्होंने कहा कि आइए, हम सभी मिलकर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप दें और तिरंगे के सम्मान के साथ राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव को और अधिक सुदृढ़ करें।

विद्यार्थियों ने दिया राष्ट्रप्रेम का संदेश
श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय में हर घर तिरंगा अभियान के तहत भव्य तिरंगा बाइक रैली आयोजित की गई। बिड़ला परिसर से शुरू हुई रैली को नोडल अधिकारी प्रो. महावीर सिंह नेगी एवं अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. ओपी गुसाईं ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। विद्यार्थियों, शिक्षकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर प्रतिभागियों ने देशभक्ति के नारों के साथ मुख्य बाजार, राष्ट्रीय राजमार्ग होते हुए चौरास परिसर तक रैली निकाली।

राष्ट्रभक्ति के नारों से गूंजा क्षेत्र
रानीपुर। भाजपा द्वारा रानीपुर विधानसभा के ज्वालापुर चौक बाजार मंडल में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। मुख्य अतिथि विधायक आदेश चौहान ने यात्रा में प्रतिभाग किया। हाथों में तिरंगा लेकर बड़ी संख्या में युवाओं, कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष लगाए। बाजार के विभिन्न मार्गों से गुजरी यात्रा का जगह-जगह स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। विधायक आदेश चौहान ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता, संप्रभुता और करोड़ों देशवासियों के गौरव का प्रतीक है।

युवाओं ने दिया राष्ट्रभक्ति का संदेश
टिहरी। हर घर तिरंगा अभियान के तहत नई टिहरी में भव्य तिरंगा बाइक एवं साइकिल रैली निकाली गई। डाइजर से शुरू हुई रैली हनुमान चौक होते हुए साईं चौक बौराड़ी तक पहुंची। विद्यालयी छात्र-छात्राओं, युवाओं एवं स्थानीय लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर उत्साहपूर्वक भाग लिया। नगर पालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत एवं एसडीएम कमलेश मेहता ने रैली को हरी झंडी दिखाई।

तिरंगा यात्रा से गूंजा राष्ट्रप्रेम का संदेश
थलीसैंण-पौड़ी। हर घर तिरंगा अभियान के तहत थलीसैंण, बगवाड़ी, मासौं, उफरैंखाल और बूंगीधार में भव्य तिरंगा यात्राएं निकाली गईं। कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने यात्राओं में प्रतिभाग कर लोगों का उत्साहवर्धन किया। स्कूली बच्चों, युवाओं और ग्रामीणों ने हाथों में तिरंगा लेकर उत्साहपूर्वक भाग लिया। “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों से क्षेत्र गूंज उठा। डॉ. रावत ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की।

अभियान के प्रचार वाहन को डीएम ने दिखाई झंडी
न्यू टिहरी। हर घर तिरंगा अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए गुरुवार को जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने केंद्रीय संचार ब्यूरो के प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने जिलेवासियों से अपने घरों पर तिरंगा फहराकर अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की। केंद्रीय संचार ब्यूरो द्वारा 14-15 अगस्त को न्यू टिहरी में ‘हर घर तिरंगा’, ‘वंदे मातरम’ और ‘विभाजन की विभीषिका’ विषयों पर फोटो प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी।
रुद्रप्रयाग में निकली भव्य तिरंगा रैली
रुद्रप्रयाग। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में रुद्रप्रयाग में भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। बास्केटबॉल ग्राउंड आर्मी कैंट से गुलाबराय मैदान तक निकली रैली को कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने फ्लैग ऑफ किया। मंत्री, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत और जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने भी रैली में प्रतिभाग किया। छात्र-छात्राओं ने करीब 50 मीटर लंबे तिरंगे के साथ भारत माता की जय और देशभक्ति के नारे लगाए। जिलाधिकारी ने कहा कि रैली का उद्देश्य राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना मजबूत करना है।

तिरंगा रैली में राष्ट्रप्रेम के साथ स्वच्छता का संदेश
हरिद्वार। हर घर तिरंगा अभियान के तहत जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में जनपद की विभिन्न ग्राम पंचायतों में तिरंगा रैली निकाली गई। ग्राम पंचायत सलारी, खटका एवं दुधाला डाला वाला में आयोजित रैलियों में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से वातावरण देशभक्तिमय हो गया। जिला पंचायत राज अधिकारी मुस्तफा खां ने ग्रामीणों से स्वतंत्रता दिवस पर घर-घर तिरंगा फहराने तथा उसकी गरिमा बनाए रखने की अपील की। इस दौरान स्वच्छता के प्रति भी लोगों को जागरूक किया गया।

तिरंगा रैली को लेकर देहरादून में ट्रैफिक डायवर्जन प्लान जारी
देहरादून। स्वतंत्रता दिवस के दृष्टिगत 14 अगस्त को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा आयोजित तिरंगा रैली के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए ट्रैफिक डायवर्जन प्लान लागू किया जाएगा। यह व्यवस्था शाम 4ः30 बजे से रैली समाप्त होने तक प्रभावी रहेगी।
रैली के न्यू कोर्ट कंपाउंड से रवाना होने पर रिचिरिच तिराहे से प्रिंस चौक जाने वाले यातायात को दून चौक तथा प्रिंस चौक से हरिद्वार रोड जाने वाले ट्रैफिक को द्रोण कट से भेजा जाएगा। रैली के प्रिंस चौक पहुंचने पर यातायात को चंदन नगर कट से डायवर्ट किया जाएगा। तहसील चौक पर द्रोण कट से आने वाला यातायात आईजी कट से भेजा जाएगा। दर्शनलाल चौक पर बुद्धा चौक से घंटाघर जाने वाला यातायात लैंसडाउन चौक से तथा तहसील चौक से आने वाला ट्रैफिक दून चौक-बुद्धा चौक मार्ग से भेजा जाएगा। रैली के घंटाघर पहुंचने पर दर्शनलाल चौक से घंटाघर की ओर यातायात प्रतिबंधित रहेगा।

तिरंगे के रंग में रंगा उत्तरकाशी
उत्तरकाशी। हर घर तिरंगा अभियान के तहत जनपद उत्तरकाशी में गुरुवार को विभिन्न क्षेत्रों में भव्य तिरंगा रैलियां निकाली गईं। पुरोला में नगर पालिका परिसर से तहसील मुख्यालय तक निकली रैली में जिलाधिकारी प्रशांत आर्य सहित जनप्रतिनिधियों, स्कूली बच्चों और एनसीसी कैडेट्स ने प्रतिभाग किया। जिला मुख्यालय में रामलीला मैदान से विश्वनाथ चौक तक निकली रैली में छात्र-छात्राओं, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आर्मी, एनसीसी एवं अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा और देशभक्ति के नारों से पूरा जनपद राष्ट्रभक्ति से सराबोर नजर आया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!