गंगा पटरी मार्ग की बदहाली के विरोध में क्षेत्रवासियों ने किया प्रदर्शन, सौंदर्यीकरण की मांग

हरिद्वार। उत्तरी हरिद्वार में भागीरथी बिंदु से सप्तऋषि तक गंगा किनारे बने मार्ग के सौंदर्यीकरण एवं पुनर्निर्माण की मांग को लेकर क्षेत्रवासियों और समाजसेवियों ने धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मार्ग की जर्जर स्थिति पर नाराजगी जताते हुए जल्द निर्माण कार्य शुरू करने की मांग की।
धरने का नेतृत्व कर रहे समाजसेवी नितिन यादव यदुवंशी ने कहा कि भागीरथी बिंदु से गीता कुटीर तक गंगा पटरी मार्ग की सड़क लंबे समय से टूटी हुई है। प्रतिदिन हजारों क्षेत्रवासी सुबह-शाम यहां टहलने आते हैं, लेकिन जर्जर सड़क के कारण बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को परेशानी उठानी पड़ रही है। कई लोग गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं। समाजसेवी मनोज निषाद और कपिल जौनसारी ने कहा कि सेना भर्ती की तैयारी कर रहे युवा भी इसी मार्ग पर दौड़ लगाते हैं, लेकिन सड़क की खराब स्थिति उनके लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। रितेश गौड़ और ओम मलिक पहलवान ने कहा कि क्षेत्र में भाजपा के सांसद, विधायक, मेयर और पार्षद होने के बावजूद सड़क की हालत खराब है। शुभम जोशी और गगन खट्टर ने कहा कि पिछले वर्ष हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण ने मार्ग के सौंदर्यीकरण की बात कही थी, लेकिन एक वर्ष से अधिक समय बीतने के बावजूद निर्माण शुरू नहीं हुआ। क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी कि जल्द कार्य शुरू नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन में करण पंत, शिवकुमार, लव पांडे, मोनू राजपूत, हरीश पंडित सहित कई लोग मौजूद रहे।
