पत्रकार कल्याण को लेकर वॉइस ऑफ मीडिया ने उठाई आवाज, मुख्यमंत्री को सौंपा 15 सूत्रीय मांग-पत्र


देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड में पत्रकारों एवं मीडिया संस्थानों के हितों के संरक्षण तथा पत्रकार कल्याण को लेकर वॉइस ऑफ मीडिया नॉर्दर्न जोन ने मुख्यमंत्री को 15 सूत्रीय मांग-पत्र भेजा है। संगठन के नॉर्थ जोन अध्यक्ष दिनेश पाल सिंह गुसाईं की ओर से सौंपे गए मांग-पत्र में पत्रकार सुरक्षा, गैर-मान्यताप्राप्त पत्रकारों को कल्याणकारी योजनाओं में शामिल करने, स्वास्थ्य एवं जीवन बीमा सहित कई महत्वपूर्ण मांगें उठाई गई हैं।
संगठन ने राज्य में प्रभावी ’’पत्रकार सुरक्षा कानून’’ लागू करने, पत्रकारों के साथ हिंसा, धमकी एवं उत्पीड़न की घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई की व्यवस्था बनाने की मांग की। साथ ही गैर-मान्यताप्राप्त, ग्रामीण, डिजिटल एवं स्वतंत्र पत्रकारों को वास्तविक पत्रकारिता कार्य के सत्यापन के आधार पर कल्याणकारी योजनाओं का लाभ देने तथा पत्रकार कल्याण कोष का विस्तार करने का प्रस्ताव रखा। वरिष्ठ एवं लंबे समय से कार्यरत ग्रामीण पत्रकारों के लिए सरल पेंशन योजना, पत्रकारों एवं उनके परिवारों के लिए कैशलेस स्वास्थ्य, दुर्घटना एवं जीवन बीमा की व्यवस्था की मांग भी की गई। इसके अलावा मीडिया संस्थानों के लिए पारदर्शी विज्ञापन नीति, जिला मुख्यालयों एवं प्रमुख विकासखंडों में प्रेस सुविधा केंद्र, पत्रकारों के बच्चों के लिए छात्रवृत्ति तथा डिजिटल मीडिया की मान्यता एवं पंजीकरण व्यवस्था विकसित करने की मांग रखी गई। संगठन ने आपदा रिपोर्टिंग करने वाले पत्रकारों के लिए विशेष प्रशिक्षण, सुरक्षा उपकरण एवं बीमा कवर तथा मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में ’’राज्य स्तरीय पत्रकार कल्याण परिषद’’ गठित करने का प्रस्ताव भी दिया। दिनेश पाल सिंह गुसाईं ने मांगों पर उच्चस्तरीय समिति गठित कर समयबद्ध कार्ययोजना बनाने और पत्रकार संगठनों से नियमित संवाद की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!