ग्रामीण आजीविका योजनाओं की डीएम ने की समीक्षा, दिए निर्देश

रुद्रप्रयाग। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन एवं ग्रामीण उद्यम वेगवृद्धि परियोजना की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। जिलाधिकारी ने विकासखंडवार योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने ’’लखपति दीदी योजना’’ के तहत महिलाओं को आजीविका गतिविधियों से जोड़कर उनकी आय बढ़ाने तथा कम प्रगति वाले विकासखंडों में विशेष प्रयास करने को कहा। स्वयं सहायता समूहों की पात्र महिलाओं की ई-केवाईसी शीघ्र पूरी कराने और समूहों को निरंतर आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने के निर्देश दिए। होटल, होम-स्टे एवं खाद्य व्यवसाय से जुड़ी महिलाओं को बेकरी, खाद्य गुणवत्ता, स्वच्छता और पैकेजिंग का प्रशिक्षण दिलाने पर भी जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि ’’15 अगस्त से प्रमुख स्थलों पर लाडली बहना राखी स्टॉल’’ लगाए जाएं। पुलिस लाइन, आर्मी कैंटीन सहित अन्य स्थानों पर स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार राखियों एवं स्थानीय उत्पादों की बिक्री की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने अधिक से अधिक महिला समूहों को जोड़कर उन्हें बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
