आठ साल से पुल का इंतजार, ग्रामीणों में बढ़ा आक्रोश, आंदोलन की चेतावनी


थराली। थराली-देवाल-मंदोली-वांण मोटर मार्ग के किलोमीटर 43 स्थित बुरूकोट गधेरे में पुल निर्माण का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। ग्रामीण करीब आठ वर्षों से पुल निर्माण की मांग को लेकर शासन-प्रशासन और लोक निर्माण विभाग के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। इससे वांण गांव सहित क्षेत्रीय लोगों में रोष है।
पुल नहीं होने के कारण स्थानीय ग्रामीणों के साथ ही लाटू भक्तों और पर्यटकों को भी परेशानी उठानी पड़ती है। बरसात के दौरान गधेरे का जलस्तर बढ़ने पर यहां से आवाजाही जोखिम भरी हो जाती है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार अधिकारियों को समस्या से अवगत कराने के बावजूद निर्माण की दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं हुई। वांण के सामाजिक कार्यकर्ता हीरा सिंह गढ़वाली ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए तत्काल पुल निर्माण शुरू कराने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीणों को आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!