जिलाधिकारी ने किया विभागीय कार्यालयों का औचक निरीक्षण

टिहरी। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने मंगलवार को स्वास्थ्य, श्रम, पूर्ति, वन विकास निगम, सिंचाई एवं दुग्ध विभाग सहित विभिन्न कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कई कार्यालयों में साफ-सफाई, अभिलेखों के रख-रखाव और मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी कमियां मिलने पर उन्होंने अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य विभाग में औषधि भंडार का निरीक्षण कर जी-20 से संबंधित लंबित सामग्री के बेहतर प्रबंधन तथा अलमारियों में सामग्री की सूची चस्पा करने को कहा। वन विकास निगम में उपस्थिति पंजिका जांचने के साथ प्रकाश, पेयजल एवं पंखों की व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। पूर्ति विभाग में राशन कार्ड संबंधी कार्य और अभिलेखों की जांच की गई। सिंचाई कार्यालय में सीलन एवं पानी टपकने की समस्या का तत्काल समाधान कराने को कहा गया। श्रम विभाग में सुरक्षा के लिए दो होमगार्ड तैनात करने के निर्देश दिए। कार्यालयों में गंदगी पर नाराजगी जताते हुए जिलाधिकारी ने नियमित सफाई, समयबद्ध उपस्थिति और अभिलेखों के व्यवस्थित रख-रखाव को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
