श्रीनगर की व्यवस्थाओं को लेकर महापौर आरती भंडारी का सख्त रुख

श्रीनगर गढ़वाल। नगर निगम क्षेत्र में स्वच्छता, सड़क व्यवस्था और बरसाती पानी की निकासी को लेकर महापौर आरती भंडारी ने सख्त रुख अपनाया है। व्यवस्थाओं में सुधार के लिए उन्होंने जिला पंचायत, जल संस्थान और नगर निगम अधिकारियों को अलग-अलग पत्र जारी कर समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि लापरवाही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पापड़ी काष्ठ कला की भूमि पर सफाई के निर्देश
वार्ड 22 स्थित पापड़ी काष्ठ कला की भूमि लंबे समय से विकसित नहीं होने के कारण कूड़ा डंपिंग की समस्या बनी हुई है। महापौर ने जिला पंचायत को 15 दिनों के भीतर भूमि की सफाई, विकास और चारदीवारी कराने के निर्देश दिए हैं। कार्रवाई न होने पर जनहित में नगर निगम द्वारा नियमानुसार अधिग्रहण की कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
सड़कें खोदकर छोड़ने पर जल संस्थान को चेतावनी
पेयजल पाइपलाइन के कार्य के बाद क्षतिग्रस्त सड़कों को पूर्व स्थिति में नहीं लाने पर महापौर ने जल संस्थान को तत्काल मरम्मत के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मलबे का भी उचित निस्तारण किया जाए। निर्देशों का पालन न होने पर नगर निगम उपविधि के तहत प्रति स्थान अर्थदंड वसूला जाएगा।
सड़कों पर बरसाती पानी छोड़ने पर कार्रवाई
महापौर ने सहायक नगर आयुक्त को ऐसे भवनों का चिन्हीकरण करने के निर्देश दिए, जहां छतों का पानी सीधे सड़कों पर छोड़ा जा रहा है। 15 दिनों में निरीक्षण कर नोटिस और चालानी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है। महापौर ने कहा कि शहर की स्वच्छता और जनसुविधाओं से समझौता नहीं किया जाएगा।
