प्रभारी मंत्री ने मानसून एवं आपदा प्रबंधन तैयारियों की समीक्षा की

रुद्रप्रयाग। प्रभारी मंत्री रुद्रप्रयाग गणेश जोशी ने मंगलवार को मानसून एवं वर्षाकाल में हुई क्षति तथा आपदा प्रबंधन तैयारियों की ऑनलाइन समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं पुनर्स्थापना कार्यों में तेजी लाने तथा क्षतिग्रस्त परिसंपत्तियों का शीघ्र आकलन कर पात्र प्रभावितों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
प्रभारी मंत्री ने संवेदनशील क्षेत्रों में खोज एवं बचाव दलों को आवश्यक उपकरणों के साथ अलर्ट रखने तथा मोटर मार्गों पर जेसीबी सहित पर्याप्त मशीनरी उपलब्ध रखने को कहा। उन्होंने संभावित विस्थापन वाले परिवारों को चिन्हित कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और राहत शिविरों की पूर्व व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। केदारनाथ यात्रा की समीक्षा करते हुए उन्होंने यात्रा मार्गों, पैदल ट्रैक और राष्ट्रीय राजमार्गों पर विशेष निगरानी रखने तथा यात्रियों की सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देने को कहा। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को 24 घंटे सक्रिय रखने, मौसम चेतावनियों का समय पर प्रचार-प्रसार करने तथा अफवाहों पर रोक लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने नालियों की सफाई, जल निकासी, संचार व्यवस्था और संवेदनशील क्षेत्रों में नेटवर्क की स्थिति सुधारने पर भी जोर दिया। बैठक में जिलाधिकारी विशाल मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
