कार्यशाला में स्वयं सहायता समूहों को बैंकिंग योजनाओं की जानकारी

पौड़ी। मुख्य विकास अधिकारी के निर्देशन में विकासखंड कोट में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्वयं सहायता समूहों एवं सामुदायिक स्तर के संघों के लिए एक दिवसीय वित्तीय समावेशन अभिमुखीकरण कार्यशाला आयोजित की गई। अध्यक्षता खंड विकास अधिकारी अमित बिजल्वाण ने की।
कार्यशाला में ग्रामीण वित्त समन्वयक धनंजय प्रसाद भट्ट ने सक्षम केंद्र, लखपति दीदी योजना, बैंकिंग सेवाओं, स्वयं सहायता समूहों की बैंक से संबद्धता, ऋण प्रबंधन एवं वित्तीय साक्षरता की जानकारी दी। एलआईसी प्रतिनिधि ने बीमा सखी की भूमिका और विभिन्न बीमा योजनाओं के बारे में बताया। इसके अलावा बैंकिंग संवाददाता सखी, सामुदायिक बैंकिंग, ऋण प्रबंधन, बीमा, वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव एवं अन्य योजनाओं पर भी चर्चा हुई। कार्यशाला में तीन सामुदायिक स्तर के संघों से जुड़े 30 स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों ने प्रतिभाग किया। कार्यशाला का उद्देश्य महिलाओं को बैंकिंग एवं वित्तीय सेवाओं की जानकारी देकर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाना रहा।
