कांवड़ यात्रा में उमड़ा आस्था का जनसैलाब, शिवभक्तों की संख्या पहुंची 1.80 करोड़ के पार

सुमित तिवारी / उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो,
हरिद्वार। कांवड़ मेला-2026 में आस्था का जनसैलाब लगातार बढ़ता जा रहा है। मेला कंट्रोल रूम स्थित पुलिस कंट्रोल रूम से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार कांवड़ यात्रा के सातवें दिन बुधवार को 37 लाख 30 हजार शिवभक्त हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए। इसके साथ ही यात्रा शुरू होने से अब तक 1 करोड़ 80 लाख 55 हजार कांवड़िये गंगाजल लेकर विभिन्न राज्यों की ओर प्रस्थान कर चुके हैं।
श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता व्यवस्थाओं को और अधिक मजबूत किया है। प्रमुख स्नान घाटों, कांवड़ मार्गों और संवेदनशील स्थलों पर पुलिस बल, स्वास्थ्य कर्मी तथा अन्य विभागों के अधिकारी चौबीसों घंटे तैनात रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं, जिससे यात्रा सुरक्षित, सुव्यवस्थित और निर्बाध रूप से संचालित हो सके। कांवड़ मार्ग पर यातायात नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन, चिकित्सा सुविधाएं, पेयजल, सफाई व्यवस्था तथा आपातकालीन सेवाओं को भी लगातार सुदृढ़ किया जा रहा है। प्रशासन का प्रयास है कि प्रत्येक शिवभक्त को सुरक्षित और सुगम यात्रा का अनुभव मिल सके। जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित कांवड़ मार्गों का ही उपयोग करें, प्रशासन और पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। साथ ही स्वच्छता बनाए रखते हुए प्रशासन का सहयोग करें, ताकि कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके। प्रशासन का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता है तथा सभी विभाग पूरी मुस्तैदी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं।

87,567 श्रद्धालुओं को मिली निःशुल्क स्वास्थ्य सेवा
हरिद्वार। कांवड़ मेला-2026 के दौरान जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में स्वास्थ्य विभाग द्वारा 32 स्वास्थ्य शिविरों और पांच मेडिकल मोबाइल यूनिटों के माध्यम से शिवभक्तों को निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह ने बताया कि बुधवार को यात्रा के सातवें दिन 21,596 शिवभक्तों का उपचार किया गया, जबकि अब तक कुल 87,567 श्रद्धालु स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ ले चुके हैं। उन्होंने बताया कि पहली बार शामिल की गई मेडिकल मोबाइल यूनिटों से भी कांवड़ मार्ग पर तत्काल चिकित्सा सुविधा मिल रही है।

कांवड़ मेले में मेडिकल मोबाइल यूनिट बनी वरदान
हरिद्वार। कांवड़ मेला-2026 में पहली बार स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित पांच मेडिकल मोबाइल यूनिट (एमएमयू) श्रद्धालुओं के लिए बड़ी राहत साबित हो रही हैं। अब तक इन यूनिटों के माध्यम से लगभग 7 हजार कांवड़ यात्रियों को मौके पर ही प्राथमिक उपचार और चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराई जा चुकी है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह ने बताया कि मंगलौर, बहादराबाद टोल प्लाजा, शंकराचार्य चौक, अलकनंदा होटल और पॉइंट पर तैनात यूनिटों में चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ, फार्मासिस्ट और लैब तकनीशियन की टीम सेवाएं दे रही है। यहां दवाइयों, ऑक्सीजन, स्ट्रेचर और प्राथमिक जांच की सुविधा उपलब्ध है तथा गंभीर मरीजों को तत्काल उच्च चिकित्सा केंद्रों में रेफर किया जा रहा है।

होटल-ढाबों व मेडिकल स्टोरों का औचक निरीक्षण
हरिद्वार। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के नेतृत्व में गठित संयुक्त टीम ने ज्वालापुर स्थित मेडिकल स्टोरों और खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की, जहां किसी भी प्रतिष्ठान में कालातीत खाद्य सामग्री नहीं मिली। इस दौरान खाद्य तेल का एक नमूना जांच के लिए लिया गया। वहीं ज्वालापुर से बहादराबाद, ललतारपुल, विष्णुघाट, चंडी चौक और कलियर-रुड़की मार्ग पर होटल, ढाबों व अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का भी निरीक्षण किया गया। खाद्य कारोबारियों को स्वच्छता बनाए रखने, खाद्य पदार्थों का सुरक्षित भंडारण, ताजा भोजन परोसने और मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए। प्रशासन ने चेतावनी दी कि खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

अरिहंत ग्रुप ऑफ कॉलेज ने लगाया सेवा भंडारा
हरिद्वार। अरिहंत ग्रुप ऑफ कॉलेज, शांतिशाह हरिद्वार द्वारा कांवड़ यात्रियों की सेवा के लिए बहादराबाद स्थित शनि देव मंदिर परिसर में 18वें विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के सचिव डॉ. दीपक जैन एवं कोषाध्यक्ष शालू जैन ने किया। इस अवसर पर शिवभक्त कांवड़ियों को प्रसाद वितरित कर उनकी सेवा की गई। सेवा कार्य में कॉलेज के निदेशक अजय कुमार, प्रियांका सिंह, रीचा चौहान, रामगोपाल कटारिया, टीना मलिक, पूजा बिष्ट सहित शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
हरिद्वार। भारतीय किसान यूनियन सर्व ने ज्वालापुर स्थित कांवड़ पटरी मार्ग पर कांवड़ यात्रियों के लिए निशुल्क दवा एवं फल वितरण शिविर का आयोजन किया। शिविर का शुभारंभ विधायक आदेश चौहान और मेयर किरण जैसल ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। विधायक आदेश चौहान ने कहा कि लंबी यात्रा के दौरान कांवड़ियों को दवा और प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराना सराहनीय पहल है। मेयर किरण जैसल ने कहा कि शिवभक्तों की सेवा सबसे बड़ा पुण्य है। इस अवसर पर सत्यनारायण शर्मा, रश्मि चौधरी, राजेश रस्तोगी, अनिल शर्मा, आदित्य नागर सहित भारतीय किसान यूनियन सर्व के पदाधिकारी और अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

एसएसपी ने बढ़ाया जवानों का हौंसला
पौड़ी। श्रावण कांवड़ मेले के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने श्री नीलकंठ महादेव यात्रा मार्ग का निरीक्षण कर ड्यूटी पर तैनात पुलिस जवानों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने बागखाला, मौनीबाबा तिराहा, गरुड़ चट्टी, रत्तापानी, पीपलकोटी और नीलकंठ मंदिर सहित विभिन्न ड्यूटी प्वाइंटों का भ्रमण कर जवानों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा उन्हें जूस, बिस्किट, रेनकोट, छाते और अन्य आवश्यक सामग्री वितरित की। एसएसपी ने शिवभक्तों को भी खाद्य एवं पेय सामग्री वितरित कर यात्रा व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया।

मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब से हो रही निःशुल्क जांच
पौड़ी। श्रावण कांवड़ मेले में श्रद्धालुओं को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि विभाग ने विशेष अभियान शुरू किया है। लक्ष्मणझूला के जानकी पुल के पास तैनात मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब में दूध, पनीर, मिठाई, खाद्य तेल, मसाले और पेय पदार्थों सहित विभिन्न खाद्य सामग्री की मौके पर ही निःशुल्क वैज्ञानिक जांच की जा रही है। सहायक आयुक्त पी.सी. जोशी ने बताया कि मानकों के विपरीत पाए जाने वाले खाद्य पदार्थों पर सख्त कार्रवाई होगी।
गंगोत्री धाम में प्रशासन ने हटाया अतिक्रमण
उत्तरकाशी। कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तरकाशी पुलिस ने श्री गंगोत्री धाम में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक प्रदीप तोमर के नेतृत्व में सड़क और पैदल मार्गों से अतिक्रमण हटाकर आवागमन सुचारु किया गया। अभियान के दौरान स्थानीय व्यापारियों से संवाद कर उन्हें मार्गों पर अतिक्रमण न करने और यात्रा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की गई।
कांवड़ियों को किया फल, जूस और शीतल पेय का वितरण
उत्तरकाशी। कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान उत्तरकाशी पुलिस श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ सेवा में भी जुटी है। पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में मनेरी और धरासू पुलिस ने कांवड़ियों का फल, बुरांश का जूस और शीतल पेय वितरित कर स्वागत किया तथा उनकी मंगलमय यात्रा की कामना की। पुलिस उपाधीक्षक जनक सिंह पंवार और प्रभारी निरीक्षक दीपक नौटियाल के नेतृत्व में पापड़गाड़ भू-धंसाव क्षेत्र में यातायात सुचारु रखा गया, जबकि प्रभारी निरीक्षक मनोज असवाल के नेतृत्व में नालूपानी के पास श्रद्धालुओं की सेवा की गई।
