राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण में गुणवत्ता और सुरक्षा से समझौता नहीं: डीएम

पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने मंगलवार को पौड़ी-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों, जल निकासी, मलबा प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान मिली खामियों पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को समयबद्ध सुधार के निर्देश दिए।
पौड़ी बस अड्डे के समीप क्षतिग्रस्त नाली का एक माह के भीतर निर्माण पूरा करने को कहा ताकि वर्षा जल की सुचारु निकासी हो सके। सड़क किनारे फैले मलबे को तत्काल हटाने और अनुपयोगी मलबे का वैज्ञानिक निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही मिलने पर अवैध भंडारण मानते हुए चालानी कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने डंपिंग जोन में गेबियन वॉल निर्माण, पहाड़ी कटिंग के दौरान सुरक्षा मानकों के पालन तथा श्रमिकों को आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्यों का विस्तृत रोडमैप प्रस्तुत कर सभी कार्य गुणवत्ता, सुरक्षा और तय समय-सीमा में पूर्ण करने पर जोर दिया, ताकि लोगों को सुरक्षित और बेहतर सड़क सुविधा मिल सके।
