जनपद के सभी उच्च शिक्षण संस्थानों में होंगे उद्यमिता जागरूकता सत्र

पौड़ी। युवाओं को रोजगारपरक, कौशलयुक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने नई पहल शुरू की है। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थान श्रीनगर में आयोजित उद्यमिता एवं स्वरोजगार जागरूकता कार्यशाला का शुभारंभ करते हुए घोषणा की कि जनपद के सभी उच्च शिक्षण संस्थानों में ऐसे जागरूकता सत्र आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वरोजगार, स्टार्टअप, कौशल विकास, प्लेसमेंट और विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि युवाओं को केवल सरकारी नौकरियों तक सीमित न रखकर उनकी रुचि और क्षमता के अनुरूप उद्यमिता एवं निजी क्षेत्र के अवसरों से जोड़ना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य युवाओं को नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार उपलब्ध कराने वाला बनाना है। उन्होंने शिक्षण संस्थानों में संवादात्मक कार्यशालाओं, करियर काउंसलिंग और कौशल प्रशिक्षण पर विशेष जोर दिया। कार्यशाला में विशेषज्ञों ने प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, स्टार्टअप, बैंक ऋण, पर्यटन, होमस्टे, खाद्य प्रसंस्करण, डिजिटल उद्यम और स्थानीय संसाधनों पर आधारित उद्योगों की संभावनाओं पर विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम के बाद जिलाधिकारी ने संस्थान का निरीक्षण कर प्लेसमेंट व्यवस्था की समीक्षा की और सिडकुल की औद्योगिक इकाइयों से समन्वय बढ़ाकर विद्यार्थियों के लिए अधिक रोजगार अवसर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
