तहसील दिवस में डीएम सख्त, शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश

पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने श्रीनगर तहसील में आयोजित तहसील दिवस के दौरान जनसुनवाई कर अधिकारियों को सभी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनसुनवाई में पेयजल, सिंचाई, भूमि हस्तांतरण और राजस्व से जुड़े मामलों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
तहसील निरीक्षण के दौरान डीएम ने लंबित राजस्व एवं फौजदारी वादों की समीक्षा करते हुए अनावश्यक रूप से मामलों को लंबित रखने पर नाराजगी जताई और शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। नजारत अनुभाग में अभिलेखों का रखरखाव संतोषजनक न मिलने पर नायब नजीर से स्पष्टीकरण तलब किया गया, जबकि धीमी राजस्व वसूली पर कम प्रगति वाले अमीनों का वेतन रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने भूलेख अनुभाग, सीएम हेल्पलाइन और जिला आपदा कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाओं को अद्यतन एवं प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए।

तहसील दिवस में 47 शिकायतें, अधिकांश का मौके पर निस्तारण
रुद्रप्रयाग। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देश पर विकासखंड सभागार ऊखीमठ में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत की अध्यक्षता में तहसील दिवस आयोजित किया गया। कार्यक्रम में आमजन से कुल 47 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें अधिकांश का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष मामलों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए। जनसुनवाई में ग्रामीणों ने क्षतिग्रस्त विद्यालय मार्ग के निर्माण, पेयजल लाइनों के एकीकरण, सोलर लाइट लगाने, गदेरे के कटाव रोकने के लिए चेकडैम निर्माण, विद्यालय में शिक्षकों की नियुक्ति, क्षतिग्रस्त विद्युत लाइन की मरम्मत तथा गुप्तकाशी में आधार सेवा केंद्र खोलने जैसी मांगें उठाईं। मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का समयबद्ध, संवेदनशील और जवाबदेही के साथ निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
