बेस चिकित्सालय श्रीनगर में डिजिटल अल्ट्रासाउंड सेवा शुरू


श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा राजकीय बेस चिकित्सालय श्रीनगर में सोमवार से अत्याधुनिक डिजिटल अल्ट्रासाउंड (यूएसजी) सेवा का शुभारंभ हो गया। नई सुविधा शुरू होने से अब मरीजों को सभी प्रकार की अल्ट्रासाउंड जांच अस्पताल में ही सरकारी निर्धारित शुल्क पर उपलब्ध होगी। उद्घाटन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आशुतोष सयाना, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. ए.एन. पांडेय और रेडियोलॉजिस्ट डॉ. विनिता आर्य ने संयुक्त रूप से किया। प्राचार्य डॉ. सयाना ने कहा कि इस सेवा से मरीजों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण जांच सुविधा मिलेगी तथा निजी केंद्रों पर निर्भरता कम होगी। डॉ. विनिता आर्य ने बताया कि अस्पताल में सामान्य से लेकर विशेष प्रकार की सभी अल्ट्रासाउंड जांचें उपलब्ध रहेंगी। मरीजों और उनके परिजनों ने नई सुविधा शुरू होने पर खुशी जताते हुए मेडिकल कॉलेज प्रशासन का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में चिकित्सक, अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!