विश्व अंगदान दिवस पर मेडिकल कॉलेज में निकाली जागरूकता रैली

श्रीनगर गढ़वाल। विश्व अंगदान दिवस के अवसर पर हेमवती नंदन बहुगुणा राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर में सोमवार को जागरूकता रैली एवं पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य डॉ. आशुतोष सयाना ने हरी झंडी दिखाकर किया। कम्युनिटी मेडिसिन एवं नेत्र रोग विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित रैली में एमबीबीएस छात्र, चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मियों ने भाग लेकर लोगों को अंगदान के महत्व से अवगत कराया। पोस्टर प्रतियोगिता में छात्रों ने आकर्षक पोस्टरों के माध्यम से अंगदान की उपयोगिता और मृत्यु के बाद भी कई लोगों को नया जीवन देने का संदेश दिया। प्राचार्य डॉ. सयाना ने कहा कि अंगदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है और इससे कई जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन मिल सकता है। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. ए.एन. पांडेय ने इसे मानवता के प्रति सर्वाेच्च समर्पण बताया। कार्यक्रम में चिकित्सकों ने अंगदान से जुड़े कानूनी, नैतिक और सामाजिक पहलुओं पर भी जानकारी दी।
