महाबगढ़ मंदिर के सौंदर्यीकरण को मिली मंजूरी, धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

पौड़ी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के तहत यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्र स्थित महाबगढ़ मंदिर के सौंदर्यीकरण कार्य को शासन से प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति मिल गई है। जिलाधिकारी के निर्देशन में पर्यटन विभाग के माध्यम से गढ़वाल मंडल विकास निगम (जीएमवीएन) इस परियोजना का क्रियान्वयन करेगा।
परियोजना के अंतर्गत मंदिर परिसर का सौंदर्यीकरण, श्रद्धालुओं के लिए आधारभूत सुविधाओं का विस्तार तथा अन्य विकास कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुरूप किए जाएंगे। प्रशासन ने निर्माण कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए हैं। परियोजना पूरी होने के बाद महाबगढ़ मंदिर अधिक आकर्षक एवं सुविधायुक्त धार्मिक स्थल के रूप में विकसित होगा। इससे यमकेश्वर क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, स्थानीय व्यापार को गति मिलेगी तथा रोजगार और आजीविका के नए अवसर भी सृजित होंगे।
