एसएसपी ने 10 किमी पैदल चलकर कांवड़ यात्रा मार्ग का किया निरीक्षण


पौड़ी। कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुचारु व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने नीलकंठ महादेव मंदिर से लक्ष्मणझूला तक लगभग 10 किलोमीटर लंबे यात्रा मार्ग का पैदल निरीक्षण किया। उन्होंने पुण्डरासू चौक, खेत, धांधलापानी और मौनी बाबा आश्रम सहित विभिन्न संवेदनशील स्थानों का भ्रमण कर सुरक्षा प्रबंधों, भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था, बैरिकेडिंग और सहायता केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया।
एसएसपी ने धूप, बारिश और दुर्गम रास्तों के बावजूद प्रत्येक ड्यूटी प्वाइंट पर पहुंचकर तैनात पुलिस अधिकारियों और जवानों से संवाद किया तथा उनकी समस्याओं और आवश्यक संसाधनों की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल एवं संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान संचार व्यवस्था, सुरक्षा उपकरणों और यातायात संचालन की भी समीक्षा की गई। एसएसपी ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता है। इसके लिए पुलिस पूरी सतर्कता के साथ कार्य कर रही है और यात्रा मार्ग पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा का अनुभव मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!