अवैध भांग की खेती और नशे के कारोबार पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

चमोली। जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में आयोजित एनकॉर्ड समिति की बैठक में जनपद को नशामुक्त बनाने के लिए प्रभावी रणनीति पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने राजस्व और वन क्षेत्रों में अवैध भांग की खेती का चिन्हीकरण कर विशेष अभियान चलाकर उसे नष्ट करने तथा नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने उपजिलाधिकारियों को नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। विद्यालयों में एंटी ड्रग कमेटियों को सक्रिय रखने, विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और जरूरत पड़ने पर काउंसिलिंग कराने के निर्देश भी दिए। साथ ही ग्वालदम नशा मुक्ति केंद्र शीघ्र शुरू करने, राजकीय नशा मुक्ति केंद्र का प्रस्ताव तैयार करने तथा मेडिकल स्टोरों पर प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री रोकने के लिए नियमित निरीक्षण करने को कहा।
