छात्र संवाद कार्यक्रम में शोध नैतिकता पर दिया जोर

श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय की छात्र सलाहकार समिति ने छात्र संवाद कार्यक्रम आयोजित किया। मुख्य छात्र सलाहकार प्रो. एम.एम. सेमवाल ने गुणवत्तापूर्ण शोध, अनुसंधान नैतिकता और शोध पद्धति को मजबूत बनाने पर जोर देते हुए नियमित कार्यशालाओं के आयोजन की बात कही। संयुक्त छात्र सलाहकार प्रो. सीमा धवन और उप छात्र सलाहकार डॉ. कविता भट्ट ने विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, गुरु-शिष्य परंपरा और सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में शोधार्थियों ने अपनी समस्याएं और सुझाव साझा किए तथा शोध नैतिकता की शपथ लेकर साहित्यिक चोरी से दूर रहने और अकादमिक सत्यनिष्ठा के साथ अनुसंधान करने का संकल्प लिया।
