कलेक्ट्रेट की व्यवस्थाओं का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण

टिहरी। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर के विभिन्न अनुभागों का निरीक्षण कर कार्यालयी व्यवस्थाओं, स्वच्छता और अभिलेख प्रबंधन की समीक्षा की। उन्होंने नजारत, सीआरए, न्याय, प्रशासनिक अनुभाग और कलेक्ट्रेट कैंटीन का निरीक्षण करते हुए जर्जर कारपेट तत्काल बदलने, नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा आवश्यक फर्नीचर, आलमारियां और अन्य संसाधनों की खरीद के लिए शीघ्र मांग पत्र तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही अग्निशमन उपकरणों की समय पर रिफिलिंग कराने और अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव पर विशेष जोर दिया। बिल पंजिकाओं के निरीक्षण में अभिलेख सही पाए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि स्वच्छ, सुव्यवस्थित कार्यालय और बेहतर संसाधन कार्यकुशलता बढ़ाने के साथ आमजन को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
