जल जीवन मिशन की समीक्षा, गुणवत्ता और पारदर्शिता पर डीएम का जोर

चमोली। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित पेयजल योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्ध कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि जनपद में 76,716 घरों तक नल कनेक्शन पहुंचाए जा चुके हैं तथा 1,241 में से 1,145 पेयजल योजनाएं पूरी हो चुकी हैं। वहीं, हर घर जल अभियान के तहत 1,113 गांवों में से 757 गांवों का प्रमाणीकरण किया गया है। जिलाधिकारी ने पूर्ण परियोजनाओं का तृतीय पक्ष निरीक्षण कराने, योजनाओं की नियमित निगरानी और ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने गौचर और कर्णप्रयाग में प्रस्तावित फीकल स्लज ट्रीटमेंट परियोजनाओं को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप विकसित करने तथा जीआईएस आधारित हाउस टैगिंग शीघ्र पूरी करने के निर्देश भी दिए।
