लगातार बारिश के बीच डीएम मयूर दीक्षित ने अधिकारियों दिए अलर्ट रहने के निर्देश

हरिद्वार। जनपद में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सभी विभागीय एवं प्रशासनिक अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखें और जलभराव, सड़क अवरोध या किसी भी आपदा की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य तत्काल शुरू करें। जलभराव वाले क्षेत्रों में प्रभावी जल निकासी सुनिश्चित करने तथा वर्षा से सरकारी या निजी संपत्ति को हुई क्षति का तत्काल आकलन कर जिला आपदा कंट्रोल रूम को सूचना देने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी ने हरिद्वार आने वाले श्रद्धालुओं और शिवभक्तों से गंगा घाटों एवं नदी तटों पर विशेष सतर्कता बरतने की अपील करते हुए तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूर रहने तथा प्रशासन और पुलिस के सुरक्षा निर्देशों का पालन करने को कहा। वहीं नदी किनारे रहने वाले लोगों को बढ़ते जलस्तर के मद्देनजर अनावश्यक रूप से नदी के पास न जाने की सलाह दी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई कर जनहानि और संपत्ति के नुकसान को न्यूनतम रखा जाए।
