नशा तस्करों पर सख्ती, स्कूलों में एंटी ड्रग कमेटियां हों सक्रिय

टिहरी। अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी की अध्यक्षता में आयोजित जनपद स्तरीय एनसीओआरडी बैठक में नशा तस्करी रोकने और जनजागरूकता अभियानों की समीक्षा की गई। जून 2026 में एनडीपीएस अधिनियम के तहत तीन मुकदमे दर्ज कर चार आरोपितों को गिरफ्तार किया गया, जबकि आबकारी अधिनियम के तहत पांच लोगों पर कार्रवाई हुई। अपर जिलाधिकारी ने बार-बार नशा तस्करी में लिप्त व्यक्तियों पर गुंडा अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने शिक्षा विभाग को सभी स्कूलों और कॉलेजों में एंटी ड्रग कमेटियां सक्रिय करने, विद्यार्थियों की काउंसलिंग कराने तथा परिसर के आसपास मादक पदार्थों की बिक्री पर सख्त निगरानी रखने को कहा। साथ ही सभी विभागों को राष्ट्रीय नारकोटिक्स हेल्पलाइन ’’मानस-1933’’ का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।
