विभागीय कार्यों की समीक्षा में डीएम ने दिए समयबद्ध क्रियान्वयन के निर्देश

देहरादून। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित ऋषिपर्णा सभागार में विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक कर जनहित से जुड़े कार्यों को समयबद्ध और प्रभावी ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने निष्प्रयोज्य शासकीय वाहनों की नीलामी में तेजी लाने, कार्यालय परिसरों को डेंगू मुक्त रखने और ई-ऑफिस प्रणाली के अधिकतम उपयोग पर जोर दिया। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, सड़कों के गड्ढों की शीघ्र मरम्मत और निर्माण मलबा तत्काल हटाने के निर्देश भी दिए। बैठक में बच्चों की सुरक्षा, महिला सुरक्षा, निराश्रित पशुओं के लिए आरएफआईडी टैग, पीसीपीएनडीटी जागरूकता, डिजिटल टोकन प्रणाली, मोबाइल एप, विद्यालयों में मंदारिन भाषा शिक्षण और पॉक्सो व नशा मुक्ति जैसे विषयों पर नवाचार आधारित पहलों पर भी चर्चा हुई। डीएम ने सभी विभागों को तय समयसीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
