एसपी ने धौंतरी पुलिस चौकी का किया निरीक्षण, कानून-व्यवस्था पर लिया फीडबैक

उत्तरकाशी। पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय ने उत्तरकाशी-टिहरी सीमा पर स्थित धौंतरी पुलिस चौकी का निरीक्षण कर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रबुद्ध नागरिकों और क्षेत्रवासियों के साथ संवाद किया। उन्होंने कानून-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था और जनसमस्याओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए लोगों से पुलिस-जन सहयोग को मजबूत बनाने का आह्वान किया। एसपी ने कहा कि सुरक्षित और अपराधमुक्त समाज के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने संदिग्ध गतिविधियों, अवैध नशे के कारोबार और असामाजिक तत्वों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
उन्होंने ड्रग्स फ्री देवभूमि और नशामुक्त भारत अभियान के तहत युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए जनसहभागिता पर जोर दिया। बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए लोगों को अनजान कॉल, फर्जी निवेश योजनाओं और संदिग्ध लिंक से सावधान रहने तथा साइबर ठगी की स्थिति में हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करने की सलाह दी। महिला एवं बालिका सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता बताते हुए उन्होंने समाज से संवेदनशीलता और सहयोग की अपील की। निरीक्षण के दौरान एसपी ने चौकी की व्यवस्थाओं, संसाधनों और पुलिस कार्यप्रणाली की समीक्षा की तथा पुलिसकर्मियों से संवाद कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती पुलिस चौकियां कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधों की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इस दौरान पुलिस उपाधीक्षक जनक सिंह पंवार, वरिष्ठ उपनिरीक्षक दिलमोहन विष्ट सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
