तीन दिवसीय आउटरीच कार्यक्रम का समापन, विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

देहरादून। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अंतर्गत केंद्रीय संचार ब्यूरो, देहरादून द्वारा चकराता के चिल्ड्रन्स पार्क में आयोजित ‘विकसित भारत दृ गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण)’ विषयक तीन दिवसीय एकीकृत संचार एवं आउटरीच कार्यक्रम का गुरुवार को समापन हो गया। कार्यक्रम के दौरान चित्र प्रदर्शनी, प्रतियोगिताओं, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, जन-जागरूकता गतिविधियों तथा विभिन्न विभागों के सूचना स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों, विद्यार्थियों और आमजन को केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि कैंट बोर्ड चकराता के उपाध्यक्ष अनिल चांदना ने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने और सरकारी योजनाओं की जानकारी समाज तक पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में कैंट इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों ने भाषण, चित्रकला और क्विज प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया, जबकि जौनसार पब्लिक स्कूल के छात्रों ने योग, जौनसारी लोकनृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम में कृषि विभाग, बाल विकास विभाग और स्वयं सहायता समूहों ने भी अपने स्टॉलों के माध्यम से विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। समापन अवसर पर ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ एवं ‘विकसित भारत’ विषय पर आयोजित चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताओं के विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। आयोजकों ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं में जागरूकता बढ़ाने और विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
