कारगिल के वीरों का सम्मान, शौर्य और बलिदान को किया नमन

कोटद्वार। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर कोटद्वार में आयोजित वीर सैनिक सम्मान समारोह में पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और वीर माताओं को सम्मानित कर उनके त्याग, समर्पण और राष्ट्रसेवा को नमन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्षा ऋतु खंडूड़ी भूषण ने की, जबकि सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी मुख्य अतिथि और कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज विशिष्ट अतिथि रहे।
ऋतु खंडूड़ी ने कहा कि सैनिकों और उनके परिवारों का सम्मान करना हम सभी का नैतिक दायित्व है। गणेश जोशी ने कहा कि उत्तराखंड के लोगों के डीएनए में देशभक्ति बसती है और राज्य ने देश को सर्वाधिक वीर सैनिक दिए हैं। उन्होंने सैनिक कल्याण के लिए केंद्र और राज्य सरकार द्वारा लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों का भी उल्लेख किया। सतपाल महाराज ने कारगिल के अमर शहीदों के अदम्य साहस को नमन करते हुए युवाओं से राष्ट्रभक्ति और अनुशासन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार मनोज इष्टवाल की पुस्तक कण्वाश्रम (भरत से भारतवर्ष) का भी विमोचन किया गया।
