लक्सर दक्षिणी व्यापार मंडल की नई कार्यकारिणी ने ली शपथ

हरिद्वार। दक्षिणी लक्सर व्यापार मंडल की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष ’’डॉ. विशाल गर्ग’’ ने पदाधिकारियों को शपथ दिलाते हुए उन्हें संगठनात्मक दायित्वों के निर्वहन की शुभकामनाएं दीं।
डॉ. विशाल गर्ग ने कहा कि व्यापारी केवल व्यापार तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज और राष्ट्र की अर्थव्यवस्था का मजबूत आधार है। व्यापारियों के प्रयासों से रोजगार के अवसर बढ़ते हैं और विकास को गति मिलती है। उन्होंने कहा कि व्यापार मंडल का दायित्व व्यापारिक हितों की रक्षा के साथ सामाजिक उत्तरदायित्व निभाना भी है। उन्होंने संगठन में एकजुटता बनाए रखने का आह्वान करते हुए कहा कि मतभेद हो सकते हैं, लेकिन मनभेद नहीं होने चाहिए। समारोह में खानपुर विधायक उमेश कुमार, लक्सर विधायक शहजाद अली, राज्यमंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि, नगर पालिका अध्यक्ष संजीव कुमार, प्रदेश सचिव मयंक मूर्ति भट्ट, जिला महामंत्री योगेश भारद्वाज, शहर अध्यक्ष प्रवीण शर्मा, शहर महामंत्री विमल सक्सेना, तहसील महामंत्री आदेश मारवाड़ी, महामंडलेश्वर स्वामी रूपेंद्र प्रकाश सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। समारोह में संगठन को मजबूत बनाने और व्यापारियों के हितों की रक्षा का संकल्प लिया गया।
