सिलक्यारा टनल में हादसा, शॉटक्रीट लाइनिंग का हिस्सा गिरने से श्रमिक की मौत

उत्तरकाशी। उत्तरकाशी जिले में निर्माणाधीन सिलक्यारा-बड़कोट टनल में गुरुवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हो गया। टनल के भीतर शॉटक्रीट (कंक्रीट) लाइनिंग का एक हिस्सा अचानक टूटकर गिरने से एक श्रमिक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान 21 वर्षीय श्रमिक के रूप में हुई है, जो झारखंड का निवासी बताया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसा रात करीब दो बजे बड़कोट साइड से लगभग 900 मीटर अंदर हुआ। उस समय टनल में नियमित निर्माण कार्य चल रहा था। अचानक कंक्रीट लाइनिंग का एक बड़ा ब्लॉक टूटकर नीचे गिर पड़ा, जिसकी चपेट में एक श्रमिक आ गया। हादसे के बाद टनल के भीतर अफरा-तफरी मच गई। साथी श्रमिकों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए घायल श्रमिक को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही बड़कोट पुलिस, जिला प्रशासन और संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है तथा नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है। बड़कोट कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक सुभाष चन्द्र ने बताया कि मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है और उसके साथियों से भी आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है।
हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड ने दुर्घटना की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार घटना के कारणों की तथ्यात्मक जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और क्या किसी तकनीकी या सुरक्षा संबंधी कमी की भूमिका रही।
बोले डीएम, अलर्ट मोड पर रहे प्रशासन
उत्तरकाशी के जिलाधिकारी प्रशांत आर्या ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए बताया कि सूचना मिलते ही जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया। उन्होंने उपजिलाधिकारी बड़कोट को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का विस्तृत निरीक्षण करने, हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने तथा कार्यदायी संस्था द्वारा अपनाए जा रहे सुरक्षा मानकों की गहन जांच करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी और निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों के पालन को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी जाएगी।
