समस्याओं के समाधान का सशक्त माध्यम बन रहा सेवा, सुशासन व समर्पण अभियान

पौड़ी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर आयोजित सेवा, सुशासन एवं समर्पण अभियान के तहत विभिन्न जिलों में जनकल्याण, स्वास्थ्य, शिक्षा और प्रशासनिक सेवाओं से जुड़े कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में रिखणीखाल में आयोजित बहुउद्देशीय जनसेवा शिविर में 467 लोगों ने प्रतिभाग किया, जबकि 315 लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ मिला। राज्य आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष ले. कर्नल (सेनि.) रघुवीर सिंह भंडारी ने शिविर का शुभारंभ कर विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाने के निर्देश दिए।

150 मरीजों की जांच, निःशुल्क दवाएं वितरित
चमोली। मुख्यमंत्री के सेवा, सुशासन एवं समर्पण अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घाट (नंदानगर) में बहु-विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। शिविर में 150 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क दवाएं वितरित की गईं। विभिन्न रोगों की जांच, एएनसी, लैब टेस्ट, कैंसर स्क्रीनिंग, एचपीवी टीकाकरण और आभा आईडी निर्माण जैसी सेवाएं भी प्रदान की गईं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभिषेक गुप्ता ने बताया कि 16 जुलाई को जोशीमठ में भी ऐसा ही शिविर आयोजित होगा।
लंबित ठेकेदारी पंजीकरण का मौके पर समाधान
चमोली। सेवा, सुशासन एवं समर्पण अभियान के तहत आयोजित जनसेवा शिविरों में लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है। गोपेश्वर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर चार दिनों से लंबित ठेकेदारी पंजीकरण का तत्काल निस्तारण कर लाभार्थी जयदीप सिंह को मौके पर ही प्रमाण-पत्र सौंपा गया। लाभार्थी ने सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविरों से आम जनता को बड़ी राहत मिल रही है।

शिविर में 1008 मरीजों की हुई जांच
रुद्रप्रयाग। मुख्यमंत्री के सेवा, सुशासन एवं समर्पण अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग द्वारा विशेषज्ञ चिकित्सा शिविरों का आयोजन जारी है। जिला चिकित्सालय में आयोजित तीन दिवसीय शिविर में कुल 1008 मरीजों की जांच कर उन्हें परामर्श और निःशुल्क दवाएं उपलब्ध कराई गईं। शिविर में एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड, लैब जांच, टीबी स्क्रीनिंग और गर्भवती महिलाओं की जांच जैसी सेवाएं दी गईं। अगला शिविर 16 जुलाई से जखोली में आयोजित होगा।
