हरिद्वार में सिंगल यूज प्लास्टिक पर अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई, 5 हजार किलो प्लास्टिक जब्त


हरिद्वार। पर्यावरण संरक्षण और हरिद्वार को स्वच्छ एवं प्लास्टिक मुक्त बनाने की दिशा में नगर निगम हरिद्वार ने बड़ी कार्रवाई की है। नगर निगम, तहसील प्रशासन एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने खड़खड़ी स्थित बैरागी धर्मशाला के सामने एक आवासीय परिसर में बने गोदाम पर छापेमारी कर लगभग 5 हजार किलोग्राम प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक बरामद की। टीम ने मौके से समस्त प्लास्टिक सामग्री को जब्त करते हुए संबंधित व्यक्ति पर 1 लाख रुपये का चालान किया।
नगर निगम को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि घाट क्षेत्र और आसपास के इलाकों में छोटे विक्रेताओं को प्रतिबंधित पॉलीथीन और सिंगल यूज प्लास्टिक की आपूर्ति बड़े स्तर पर की जा रही है। यही प्लास्टिक गंगा घाटों, पर्व स्नानों और धार्मिक आयोजनों के दौरान कचरे एवं प्रदूषण का बड़ा कारण बन रही थी। सूचना के आधार पर नगर निगम द्वारा लगातार निगरानी की जा रही थी। पुख्ता जानकारी मिलने के बाद तहसील प्रशासन और पुलिस के सहयोग से संयुक्त अभियान चलाया गया, जिसमें भारी मात्रा में प्रतिबंधित प्लास्टिक बरामद कर तत्काल जब्त कर लिया गया। नगर आयुक्त नंदन कुमार ने कहा कि प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के निर्माण, भंडारण, परिवहन एवं बिक्री के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। अभियान में उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, तहसीलदार सचिन कुमार, मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा, मनोज कुमार, उप निरीक्षक नवीन नेगी सहित नगर निगम, तहसील प्रशासन एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौजूद रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!