रोडवेज बस और कार की टक्कर, पुलिस ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल

पौड़ी। थाना देवप्रयाग क्षेत्र के पायल गांव डंपिंग जोन के निकट मंगलवार को रोडवेज बस और कार की टक्कर में चार लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही देवप्रयाग पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस के अनुसार रोडवेज बस संख्या यूके-07-पीए-6756 पौड़ी से देहरादून जा रही थी, जिसमें 37 यात्री सवार थे। इसी दौरान बस की कार संख्या यूके-08-बीजी-1655 से टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार इला (26) निवासी हरिद्वार घायल हुईं, जिन्हें सीएचसी बागी भेजा गया। वहीं बस में सवार आरती, घनानंद पंत और बुद्धि देवी को भी चोटें आईं। पुलिस ने तत्काल यातायात व्यवस्था सुचारु कराई और घायलों को समय पर उपचार उपलब्ध कराया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई में जुटी है।
