वारदात की फिराक में घूम रहा हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार

देहरादून। कानून व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देशों के क्रम में विकासनगर पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान एक हिस्ट्रीशीटर को अवैध खुखरी के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि 12-13 जुलाई की रात चेकिंग के दौरान फरमान उर्फ काला पुत्र फारुक निवासी कुंजा ग्रांट, विकासनगर को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के पास से पकड़ा गया। उसके कब्जे से एक अवैध खुखरी बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह चोरी की वारदात को अंजाम देने की फिराक में था और लोगों को डराने के लिए खुखरी साथ रखी थी। आरोपी के विरुद्ध कोतवाली विकासनगर में शस्त्र अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार अभियुक्त हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ गुण्डा अधिनियम, एनडीपीएस एक्ट सहित करीब एक दर्जन आपराधिक मामले दर्ज हैं।
