सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के लिए आज रवाना होगा दल, सीएम दिखाएंगे हरी झंडी

देहरादून/चमोली। संस्कृति मंत्रालय के निर्देश पर संस्कृति विभाग उत्तराखंड द्वारा आयोजित ’‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’’ के अंतर्गत चमोली जनपद से 42 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल रविवार को विशेष अध्ययन यात्रा के लिए रवाना हुआ। 13 जुलाई से 19 जुलाई 2026 तक आयोजित होने वाली इस यात्रा का उद्देश्य प्रतिभागियों को सोमनाथ क्षेत्र में हुए विकास कार्यों, पर्यटन प्रबंधन और स्वरोजगार के सफल मॉडलों से अवगत कराना है।
इस अध्ययन यात्रा के लिए प्रदेशभर से 11 समूहों में लगभग 700 लोग प्रतिभाग कर रहे हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी देहरादून से इन सभी समूहों को विशेष यात्रा के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। गोपेश्वर बस स्टैंड से राज्य मंत्री हरक सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी ने चमोली के प्रतिनिधिमंडल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। प्रतिनिधिमंडल में शॉपकीपर्स, स्ट्रीट वेंडर्स, मार्केट एसोसिएशन के सदस्य तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, एमएसएमई और सेवा क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधि शामिल हैं। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी ने कहा कि यात्रा का उद्देश्य सोमनाथ क्षेत्र में पर्यटन, तीर्थाटन, स्थानीय व्यापार और रोजगार के क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का अध्ययन करना है। उन्होंने कहा कि यात्रा से प्राप्त अनुभवों के आधार पर चमोली जनपद में पर्यटन और स्थानीय विकास को बढ़ावा देने के लिए नई कार्ययोजनाएं तैयार की जाएंगी। यात्रा के नोडल अधिकारी एवं जिला भेषज संघ के सचिव विवेक मिश्रा ने बताया कि यात्रा देहरादून के हर्रावाला रेलवे स्टेशन से शुरू होकर 19 जुलाई को संपन्न होगी। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल विभिन्न विकास परियोजनाओं, पर्यटन स्थलों और स्वरोजगार से जुड़े सफल मॉडलों का अध्ययन करेगा। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, नगर पालिका अध्यक्ष संदीप रावत, भेषज संघ अध्यक्ष सतेंद्र असवाल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
