113 लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ, अधिकांश शिकायतों का मौके पर निस्तारण

पौड़ी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में संचालित ’“सेवा सुशासन एवं समर्पणदृजन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार”’ अभियान के तहत विकासखंड कल्जीखाल सभागार में बहुउद्देशीय जनसेवा शिविर आयोजित किया गया। शिविर का शुभारंभ राज्य पिछड़ा वर्ग कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष एवं राज्यमंत्री अशोक वर्मा ने दीप प्रज्वलित कर किया।
शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही सेवाएं उपलब्ध कराईं। इस दौरान 113 लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिया गया, जबकि प्राप्त 45 शिकायतों एवं आवेदनों में अधिकांश का मौके पर निस्तारण किया गया। कृषि विभाग ने किसानों को कृषि यंत्र, पौधे व उर्वरक वितरित किए। स्वास्थ्य एवं आयुष विभाग ने 69 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाइयां उपलब्ध कराईं। राज्यमंत्री अशोक वर्मा ने कहा कि ऐसे शिविर सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित कर योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

स्वास्थ्य शिविर में हुई 262 लोगों की जांच
रुद्रप्रयाग। सेवा सुशासन एवं समर्पण कार्यक्रम के तहत ऊखीमठ में आयोजित तीन दिवसीय विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर का रविवार को समापन हुआ। शिविर में 262 लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर उपचार एवं परामर्श दिया। शिविर में 111 एक्स-रे और 215 पैथोलॉजी जांचें की गईं। इसके अलावा 27 ग्रामीणों के आयुष्मान भारत कार्ड तथा 75 लोगों की आभा आईडी बनाई गई। बाल रोग, नेत्र, फिजिशियन और स्त्री रोग विशेषज्ञों ने सेवाएं प्रदान कीं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रकाश के निर्देशन में आयोजित शिविर में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने महत्वपूर्ण सहयोग दिया।
