ऑपरेशन प्रहार के तहत 3 लाख की स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

टिहरी। जनपद को नशामुक्त बनाने और मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे ’ऑपरेशन प्रहार’ के तहत टिहरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो स्मैक तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 8.95 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3 लाख रुपये बताई गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कीर्तिनगर के नेतृत्व में पुलिस टीम 9 जुलाई को मलेथा बैरियर क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान दो संदिग्ध युवकों को रोककर तलाशी लेने पर उनके पास से स्मैक बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंकित डोभाल (30) निवासी ग्राम पांडववाला पट्टी लोस्तु, कीर्तिनगर तथा रुद्र राणा (23) निवासी ग्राम सेमरपुर रतूड़ी, रुद्रप्रयाग के रूप में हुई है। पुलिस ने अंकित के कब्जे से 5.17 ग्राम और रुद्र के कब्जे से 3.78 ग्राम स्मैक बरामद की। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर नशा तस्करी नेटवर्क और सप्लाई चेन की जानकारी जुटा रही है। एसएसपी श्वेता चौबे ने कहा कि नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक कुंवर राम आर्य, अपर उपनिरीक्षक पंकज घनसाला, हेड कांस्टेबल नरेश राजवंशी एवं कांस्टेबल प्रवेश पालियाल आदि शामिल थे।
