प्रशिक्षु आरक्षियों को मिला आधुनिक पुलिसिंग का तकनीकी प्रशिक्षण

टिहरी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में तकनीक-सक्षम एवं दक्ष पुलिस बल तैयार करने के उद्देश्य से पुलिस लाइन/आरटीसी चम्बा में प्रशिक्षु आरक्षियों के लिए दो दिवसीय विशेष तकनीकी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
दो दिवसीय प्रशिक्षण में पुलिस संचार (वायरलेस) शाखा द्वारा प्रशिक्षुओं को आधुनिक संचार प्रणाली, सूचना प्रौद्योगिकी, आपदा प्रबंधन एवं आपात परिस्थितियों में प्रभावी पुलिस रिस्पॉन्स की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान एचएफ, वीएचएफ, लोअर बैंड एवं हायर बैंड वायरलेस सेटों की कार्यप्रणाली, रेडियो टेलीफोन सेट के संचालन एवं रखरखाव का व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षुओं को मोबाइल डेटा टर्मिनल (एमडीटी) के उपयोग, पुलिस इकाइयों के बीच त्वरित सूचना आदान-प्रदान और बेहतर समन्वय की प्रक्रिया से भी अवगत कराया गया। डायल-112 (ईआरएसएस) की कार्यप्रणाली, कंट्रोल रूम से पीआरवी तक सूचना पहुंचाने और त्वरित कार्रवाई की प्रक्रिया समझाई गई। इसके अलावा सीसीटीवी निगरानी प्रणाली, कैमरों की कार्यप्रणाली, रिकॉर्डिंग संरक्षण एवं विश्लेषण की जानकारी दी गई। आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों में संचार व्यवस्था बनाए रखने और राहत-बचाव कार्यों में तकनीक की भूमिका पर भी प्रशिक्षण दिया गया।
